'माफिया और मच्छर खत्म किए', सपा पर बरसे योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 29 नवंबर को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा, 'हमने यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म कर दिए।' उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनाने का काम होता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में युवाओं की स्किलिंग के साथ रक्षा क्षेत्र में भी उत्पादन हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप से जुड़ी 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 502.31 करोड़ रुपये है।
ब्रह्मोस मिसाइल और हथियारों का किया जिक्र
अपने संबोधन में सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में रक्षा उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश में कट्टा-बम नहीं, बल्कि आधुनिक हथियार और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप कहकर चिल्लाता है। मुख्यमंत्री ने इसे भारत की नई ताकत बताया। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनाने और अपराध की घटनाओं का माहौल था, जबकि अब युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और औद्योगिक विकास पर काम किया जा रहा है।
2004-05 में गीडा में स्लॉटर हाउस खोलने का लगाया आरोप
सीएम योगी ने अपने संबोधन में 2004-05 की एक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय समाजवादी पार्टी की सरकार ने गीडा की जमीन पर स्लॉटर हाउस खोलने का काम शुरू कराया था। योगी ने कहा कि उस समय गीडा में उद्योग नहीं लग रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि यहां डेयरी और दूसरे उद्योग लगाने के बजाय स्लॉटर हाउस खोलने की कोशिश क्यों की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्होंने इस फैसले के खिलाफ कई दिनों तक संघर्ष किया और आखिरकार उनकी लड़ाई सफल रही। उन्होंने कहा कि आज वह जमीन खाली है।
सैफई महोत्सव को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर सैफई महोत्सव को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग के बजट का 80 से 85 फीसदी हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च कर दिया जाता था। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के बाकी हिस्सों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था। जबकि अब प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
काशी विश्वनाथ धाम और राम मंदिर का किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने संबोधन में काशी और अयोध्या के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि काशी में काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार हुआ है और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान राम का भव्य मंदिर बना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और सुरक्षा के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर कुशासन, अराजकता और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
502 करोड़ की 104 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनकी कुल लागत करीब 502.31 करोड़ रुपये है। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। इन परियोजनाओं के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा समारोह में पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए। इन निवेश प्रस्तावों में हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण, डिस्टिलरी और मत्स्य आहार उत्पादन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

पाठकों की राय
इस खबर पर अपनी राय और सुझाव साझा करें।
अपनी राय लिखें
सभी Comments
0 commentsइस खबर पर अपनी राय सबसे पहले साझा करें।