शनिवार, 28 नवंबर 2026
ब्रेकिंग खबर अपडेट हो रही है, ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें।

शरद पवार की NCP में टूट की तैयारी? बीजेपी के संपर्क में थे 6 सांसद!

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के छह सांसद बीजेपी के संपर्क में थे। इनमें बारामती से सांसद सुप्रिया सुले और पुणे से सांसद डॉ. अमोल कोल्हे शामिल नहीं थे। बताया जा रहा है कि बाकी छह सांसद काफी समय से बीजेपी के साथ नजदीकियां बढ़ा रहे थे। हालांकि, बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने शरद पवार की पार्टी में बड़ी टूट कराने की कोशिश से दूरी बनाए रखी।

शरद पवार की पार्टी के छह सांसदों ने बढ़ाई सत्ता पक्ष से नजदीकियां
दरअसल, अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के सत्ता में शामिल होने के बाद शरद पवार की पार्टी के कुछ सांसद भी सत्ता पक्ष के साथ जाने के इच्छुक बताए जा रहे थे। इसी सिलसिले में इन छह सांसदों ने सबसे पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से संपर्क बढ़ाया था। खास बात यह है कि इनमें कुछ सांसद ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां शिवसेना के साथ उनका सीधा राजनीतिक मुकाबला रहा है। इसके बावजूद उन्होंने एकनाथ शिंदे के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और सत्ता पक्ष में शामिल होने की इच्छा जताई।

 क्या था एकनाथ शिंदे का ऑपरेशन टाइगर?
सूत्रों के मुताबिक, एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में दो स्तर पर राजनीतिक सेंध लगाने की तैयारी कर रहे थे। उनकी योजना उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के साथ शरद पवार की एनसीपी के छह सांसदों को भी अपने साथ लाने की थी। इस राजनीतिक रणनीति को ऑपरेशन टाइगर का हिस्सा माना जा रहा था। हालांकि, बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से इस योजना को मंजूरी नहीं मिली। इसके बाद एकनाथ शिंदे ने एनसीपी के सांसदों को इस अभियान से अलग कर दिया।

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने क्यों बनाई दूरी?
ऑपरेशन टाइगर से एनसीपी सांसदों को अलग किए जाने के बाद बीजेपी नेताओं के साथ उनकी बातचीत और मुलाकातों का दौर शुरू हुआ। बीजेपी के पास इन सांसदों को साथ लेकर अलग गुट बनाने या उन्हें सीधे पार्टी में शामिल कराने का विकल्प था। इसके बावजूद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने शरद पवार की एनसीपी में टूट कराने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाया। इसके पीछे शरद पवार का देश की राजनीति में लंबा अनुभव और अतीत में बीजेपी के साथ रहे उनके राजनीतिक समीकरणों को भी एक वजह माना जा रहा है।

 परिसीमन विधेयक के बाद बदला राजनीतिक घटनाक्रम
लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित नहीं होने के बाद इस पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेताओं को बताया था कि उनकी पार्टी के छह सांसद पहले से ही बीजेपी के संपर्क में थे। इसी बीच पार्टी को टूट से बचाने के लिए सुप्रिया सुले की ओर से एक प्रस्ताव रखे जाने की चर्चा भी सामने आई। बताया जाता है कि उन्होंने संकेत दिया था कि परिसीमन के मुद्दे पर उनकी पार्टी के अलावा कुछ अन्य दलों का समर्थन भी मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए लोकसभा की सीटों में देशभर में 50 फीसदी बढ़ोतरी की जानी चाहिए।

क्या एनडीए के समर्थन में जा सकता है NCP (SP) का रुख?
परिसीमन के तहत लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव सामने आने के बाद एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का रुख एनडीए के समर्थन में जाता दिखाई दे रहा है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी के भीतर टूट की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में पार्टी को एकजुट रखने और अपनी राजनीतिक ताकत व साख बचाने के लिए शरद पवार और सुप्रिया सुले परिसीमन के समर्थन में नजर आ रहे हैं। हालांकि, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के छह सांसदों के बीजेपी के संपर्क में होने और सुप्रिया सुले की ओर से कथित तौर पर रखी गई शर्त को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
Tags:#BJP#Delimitation Bill#Eknath Shinde'#Maharashtra politics#NCP News#Operation Tiger#Sharad Pawar#Supriya Sule

पाठकों की राय

इस खबर पर अपनी राय और सुझाव साझा करें।

0 Comments

अपनी राय लिखें

आपका ईमेल सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया जाएगा।
अधिकतम 2000 characters 0 / 2000

सभी Comments

0 comments