शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
ब्रेकिंग खबर अपडेट हो रही है, ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें।

दोहा में 10 दिन फंसे रहने के बाद स्वदेश लौटी भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम

नई दिल्ली
दोहा में 10 दिनों तक फंसे रहने के बाद भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम अब घर लौट रही है। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। भारतीय टीम एफआईबीए बास्केटबॉल वर्ल्ड कप 2027 के एशियाई क्वालीफायर के लिए दोहा गई थी, लेकिन उस क्षेत्र में जारी तनाव के कारण वे कतर की राजधानी में ही फंस गई। इस तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र और उड़ानों का संचालन बाधित हो गया था।

कतर बास्केटबॉल फेडरेशन ने भारतीय टीम के लिए होटल और अन्य लॉजिस्टिक सहायता का इंतजाम किया। उन्होंने खिलाड़ियों और कर्मचारियों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए, और भारतीय दूतावास के साथ मिलकर टीम की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की।

टीम सबसे पहले सड़क मार्ग से दम्माम गई, और वहां से उड़ानों की सीमित उपलब्धता के कारण टीम दो समूहों में रवाना हुई। एक समूह दम्माम से जेद्दा होते हुए मुंबई पहुंचा, जबकि दूसरा समूह दम्माम से सीधे लखनऊ के लिए रवाना हुआ। बीएफआई ने कहा कि इस दौरान उनके अध्यक्ष और महासचिव एफआईबीए के एशिया ऑफिस, भारत सरकार और दोहा स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहे।

उन्होंने कहा, “टीम की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अध्यक्ष और महासचिव एफआईबीए एशिया कार्यालय, भारत सरकार और भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहे। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही।”

फेडरेशन ने इस कठिन समय के दौरान समर्थन और सहायता के लिए एफआईबीए एशिया, कतर बास्केटबॉल फेडरेशन, दोहा स्थित भारतीय दूतावास और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के प्रति आभार जताते हुए कहा, “इन चुनौतीपूर्ण समय में अपने अमूल्य समर्थन और सहायता के लिए हम एफआईबीए एशिया कार्यालय, कतर बास्केटबॉल फेडरेशन, दोहा (कतर) स्थित भारतीय दूतावास और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।”

 

Tags:#Indian men basketball team#top-news

पाठकों की राय

इस खबर पर अपनी राय और सुझाव साझा करें।

0 Comments

अपनी राय लिखें

आपका ईमेल सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया जाएगा।
अधिकतम 2000 characters 0 / 2000

सभी Comments

0 comments